गुरुवार, 30 अक्टूबर 2008

भारत विश्व-चैम्पियन बनने की राह पर..

आज के दिन जब राजनीतिक,आर्थिक और सामाजिक जगत से अच्छी खबर सुनने को नहीं मिल रही,वहीं खेल जगत से विश्व चैम्पियन बनने और विश्व चैम्पियन को धूल चटाने की खबर सुनने को मिल रही हैं.जहाँ एक तरफ भारत के ग्रैंड-मास्टर विश्वनाथन आनंद ने विश्व शतरंज चैम्पियन का खिताब बरकरार रखा हैं वहीं दूसरी तरफ भारत ने क्रिकेट के विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को मोहाली टेस्ट में बुरी तरह हराने के बाद दिल्ली टेस्ट में पहली पारी में स्थानीय खिलाडी गौतम गंभीर और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जमाने में माहिर वेरी वेरी स्पेशल लक्ष्मण के दोहरे शतकों की मदद से ६१३ रन का विशाल स्कोर खडा कर दिया हैं, यहां से भारत की जीतने की ही संभावना बनती हैं. अगर ऑस्ट्रेलिया अच्छा खेल गया तो ज्यादा से ज्यादा ड्रॉ होगा, हारेंगे तो नहीं.
जर्मनी के बॉन में विश्वनाथन आनंद की ब्लादीमीर क्रेमनिक पर ६.५-४.५ अंकों की विजय पिछ्ले साल क्रेमनिक द्वारा की गयी इस टिप्पणी का करारा जवाब हैं जिसमें क्रेमनिक ने यह कहा था कि आनंद कागज पर भले ही विश्व चैम्पियन हो, लेकिन मेरे विचार से किसी एक मैच के जीतने से खिताब जीतना व एक टूर्नामेंट जीत खिताब जीतने में काफी फर्क होता हैं.आनंद ने इसका जवाब शतरंज के बिसात पर दिया और नाम के अनुरूप शतरंज में विश्वनाथन हो गये. निश्चय ही यह भारत के लिये एक ऐतिहासिक क्षण हैं.
इसी तरह क्रिकेट में भी विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया के बडबोलेपन का भी जवाब टूर्नामेंट जीतकर ही देना चाहिये. मोहाली टेस्ट के हारने के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग का यह कहना कि हमें सीरिज में १-० से पिछ्डने की आदत नहीं हैं,यह उनके दंभ को दर्शाता हैं. जो कि अब और बुरी तरीके से टूटने वाला हैं.
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच हो रही टेस्ट सीरिज शुरू होने से पहले भले ही सीनियर बनाम जूनियर खिलाडियों के चुनने को लेकर मीडिया की सुर्खियाँ बटोरा. सौरव का सीरिज के बाद संन्यास लेना भी खबर बनी, इससे बडी खबर सौरव का शतक बना,जिसे देखने के लिये क्रिकेट-प्रेमियों को काफी लंबा इंतजार करना पडा. लेकिन अब जब सीरिज के मध्य में जब सभी खिलाडियों ने अपना-अपना योगदान दे दिया हैं, तो सीनियर बनाम जूनियर खिलाडियों की बहस को कुछ दिनों के लिये ठंडे बस्ते में ही डाल देना ठीक होगा.
अब तो भारत को या यूँ कहे टीम इंडिया को इस सीरिज को जीतकर विश्व-चैम्पियन बनने की ओर कदम बढाना चाहिये विश्वनाथन आनंद की तरह.

मंगलवार, 2 सितंबर 2008

काम करने वाले को फुर्सत हैं क्या?

बिहार में आयी महाप्रलय के बीच बयानों की बाढ के बीच राज्य के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार का यह बयान काफी मायने रखता हैं क्योंकि काम करने वाला व्यक्ति चुपचाप अपने काम को अंजाम देता हैं ना कि उस चीज काढिढोरा पीटता फिरता हैं. वैसे हमेशा से ही राजनेताओं को ऐसे ही मौकों की तलाश रहती हैं जहाँ कि उनकी राजनीतिक रोटियाँ सेंकी जा सके. भारत का अपने को सबसे बडा और सफल रेल मंत्री मानने वाले रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव बाढ के दौरान खबरिया चैनलों पर इतनी तेजी से आ रहे हैं कि वह एक तरीके से इस पूरे महाप्रलय के प्रवक्ता बन गये हैं.
संकट के इस घडी में यह घोषणा करना कि बाढ पीडितों के लिये रेलयात्रा में कोई किराया नहीं लिया जायेगा और इस बात के लिये हमेशा क्रेडिट लेना कि मैंने ये करवाया वो करवाया - राजनेताओं के मानसिक दिवालियेपन की निशानी हैं. आखिरकार इन्हें प्रतिनिधि बनाकर भेजा गया हैं तो यह इनका कर्त्तव्य हैं कि जनता की हरसंभव मदद की जाये. प्राकृतिक आपदाये बताकर तो नही आती हैं. ऐसे समय भी सियासत करना और मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे के जवाबों का जवाब देना कहाँ तक जायज बनता हैं, इसका फैसला वक्त आने पर जनता ही करेगी.
बिहार में बाढ आना कोई नयी बात नहीं हैं. हर साल किसी ना किसी रूप में बाढ आती ही हैं. इस बार बाढ की विभीषिका ज्यादा थी, इस कारण से समाचार चैनलों की सुर्खियाँ भी बनी और इस तरफ लोगों का ध्यान भी आकृष्ट हुआ. इतना कुछ होने के बाद भी इस समस्या के स्थायी निराकरण के तरफ किसी का ध्यान ना जा रहा हैं ना जायेगा. समस्या रहेगी, तब ना राजनीति की जा सकती हैं,पैसे बनाये जा सकते हैं.
बाढे हर साल आती रहेगी. जाती रहेगी. राजनीति होती रहेगी. पिसना तो आम जनता को हैं. आँकडों में लोग गिने जाते रहे हैं और यह गिनती हरसाल बदस्तूर जारी रहेगी. भगवान के आसरे ही जनता को इस देश में रहना लिखा हैं तो किया भी क्या जा सकता हैं. जैसे चल रहा हैं देश चलने दिया जायें. यह सोच ही राजनेताओं के स्वास्थ्य के लिये ठीक हैं, इस लिये कुछ नही किया जा रहा हैं सिवाए बयानबाजी के.

मंगलवार, 19 अगस्त 2008

डॉक्टर जी.आर.सुंदर सर नहीं रहे..

आज सुबह जब एकाएक अखबार पलटा तो "भारतीय विद्या भवन के रजिस्ट्रार एक दुर्घटना में मारे गये" शीर्षक वाली खबर पढकर काफी धक्का लगा भवन में रेडियो एंड टी.वी. जर्नलिज्म कोर्स के दौरान सुंदर सर से भारत की सांस्कृतिक विरासत नामक पेपर पढने का मौका मिला, उन्हीं दौरान उनको जानने का मौका मिला. स्वभाव से शांत, नम्र और मृदुभाषी सुंदर सर ने जब पहली बार भारतीय संस्कृति पर अपना व्याख्यान दिया, तब ही लग गया था कि विषय पर इनकी काफी गहरी पकड हैं, मेरी रुचि इस विषय में होने के कारण मैंने भी पत्र को गंभीरता से लिया और सर से इंडोलॉजी के बारे में जानने और समझने का अवसर प्राप्त हुआ. कक्षा के दौरान जब किसी बिन्दु को समझाते थे,तो समझाने के दौरान ही वह तथ्य हमेशा के लिये स्मृति में चला जाया करता था. कक्षाएँ काफी कम हुई, इसका दुख उस समय काफी था.
अपनी भारतीय संस्कृति को जो कुछ भी थोडा बहुत जानने का मौका मिला, इसमें सुंदर सर का काफी हाथ था. भारतीय संस्कृति से संबंधित शब्दों की उत्त्पत्ति कैसे हुयी, ये सब काफी अच्छे तरीके से बताते थे. कक्षा के दौरान इतने धीरे से बोलते थे कि हमें सुनने के लिये ज्यादा एकाग्रता की आवश्यकता होती थी. भारतीय संस्कृति के ऐसे ऐसे तथ्यों को जानने का मौका मिला, जिसे हम चाहकर भी नहीं खोज सकते हैं.
अभी हाल में ही भवन के जर्नलिज्म के २००७-०८ बैच के कॉन्वोकेशन समारोह में उनका एक संक्षिप्त भाषण सुनने को मिला, जिसमें उन्होनें पूर्व के एक वक्ता की प्रशंसा करते हुये उसकी इस बात पर जोर दिया किया कि जीवन में तरक्की करने के बाद भी माता-पिता और गुरुजनों को कभी नहीं भूलने की बात कही.
देश के राष्ट्रीय अखबारों के लिये भले ही यह एक तेज गति के वाहन द्वारा की गयी एक दुर्घटना हो, लेकिन यह हमारे लिये एक अपूरणीय क्षति हैं. ऐसे विद्वान सज्जनों का एकाएक जाना काफी खलता हैं. मेरे तरफ से सुंदर सर को एक सच्ची श्रद्धांजलि. उनकी कमी आने वाले समय में नये छात्रों को काफी खलेगी.

मंगलवार, 22 जुलाई 2008

संसद में भी दिख ही गयी नोटों की गड्डी

विश्व के सबसे बडे प्रजातंत्र भारत के निचले सदन लोकसभा में विश्वास मत के बहस के दौरान होने वाली महत्त्वपूर्ण वोटिंग से दो घंटे पूर्व ही भारतीय जनता पार्टी के मुरैना के सांसद अशोक अर्गल ने लोकसभा के स्पीकर की कुर्सी के नीचे लाख लाख रुपयों की गड्डी बैग से निकाल कर दिखाया, सारे देश ने इसे अपने टेलीविजन चैनलों के माध्यम से पूरे देशवासियों ने देखा. लोकसभा चैनल ने तुरंत ही प्रसारण बंद कर दिया.
इसके तुरंत बाद प्रतिपक्ष के नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुये कहा कि भाजपा के तीन सांसदों - अशोक अर्गल, फग्गन सिह कुलस्ते और अशोक भगोडा को तीन तीन करोड रुपये दिये गये. बाकी पैसे विश्वास मत के बाद दिये जाने थे.
अब तो यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया कि सांसदों की खरीद-फरोख्त तो होती हैं, लेकिन पहली बार इस चीज का साक्ष्य वो भी संसद के पटल पर देखने को मिला. इससे बडी शर्म की बात भारतीय लोकतंत्र के लिये क्या हो सकती हैं.
इस तरह भाकपा के महासचिव की बात सही ही साबित हो गयी कि करोडों में सांसद खरीदे जा रहे है.जनता के सामने उनके प्रतिनिधियों का चेहरा अब पूरी तरह से बेनकाब हो गया हैं.
इसमें हिंदी खबरिया चैनलों की भूमिका की भी सराहना करनी होगी,जो कि अशोक अर्गल के लापता होने की खबर दिखा रहे थे.वहाँ कुछ ना कुछ खबर दिख ही गयी.
अब जनता क्या सोच रही है? जनता ही जाने.

बुधवार, 16 जुलाई 2008

सचिन को चाहिये १७२, सरकार को २७२.

देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति में सरकार को बचायें रखने के लिये यूपीए को जादुई संख्या २७२ की चिंता सता रही हैं.वही सचिन तेंदुलकर को अपने नाम एक और रिकॉर्ड करने के लिये सिर्फ १७२ रनों की जरूरत हैं,जिससे वे टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाडी हो जायेंगे. सचिन को इन रनों की चिंता नही होनी चाहिये,वो तो अच्छा खेलेंगे तो बन ही जायेंगे. लेकिन सरकार को बचायें रखने के लिये काँग्रेस अपने सहयोगियों के अलावा ऐसे छोटे-छोटे दलों और इक्का-दुक्का सीट वाले के सामने भी परमाणु समझौते के फायदे सुनाकर अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रही हैं.
समाचार चैनलों पर दोनों संख्या पर कार्यक्रमों का प्रसारण लगातार जारी हैं. कभी कभी १७२ और २७२ देखकर दुविधा में पड जाता हूँ. कभी टी.वी. स्क्रीन के नीचे वाले हिस्से पर नजर आ जाता हैं सिर्फ १७२ की जरुरत. सोचता हूँ सरकार को बचाएँ रखने के लिये सिर्फ १७२ चाहिये. लेकिन बाद में नजर आता हैं ये तो सचिन के रिकॉर्ड के लिये रनों की जरूरत हैं. अगर सचिन को २७२ रन भी बनाने होते,तो वो आसानी से बना सकता हैं.
सरकार रहेगी या जायेगी - इसका फैसला २२ जुलाई को हो जायेगा. वाम दलों ने सरकार को गिराने के लिये कमर कस ली हैं. विपक्ष तो कितने दिनों से इसके लिये तैयार हैं. फिर भी दोनों एक साथ वोट करने के पक्ष में नहीं दिखायी देते हैं. छोटे- छोटे दलों की चाँदी हैं इन दिनों. भाकपा महासचिव ए.बी.बर्धन की अगर माने तो एक एक सांसद की बोली २५-२५ करोड रुपये लगायी जा रही हैं. ऐसे में तो सरकार के गिरने का सवाल ही नहीं उठता हैं.लेकिन सचिन का भाव दिन-प्रतिदिन गिरता जा रहा हैं. पेप्सी ने सचिन के साथ अपना अनुबंध बढाया नही.लेकिन सचिन रनों का पहाड खडा करेगा.
सरकार ने अगर सदन में बहुमत साबित कर लिया तो अपना कार्यकाल पूरा कर लेगी. वैसे ही अगर सचिन ने पूर्व की भाँति लंका में रनों का अंबार खडा किया तो २०११ का विश्व कप खेलने के सपने को जीवित बनायें रखेंगे.दोनों स्थितियाँ संभव सी जान दिखायी पडती हैं.

सोमवार, 23 जून 2008

आखिर कब तक मनाते रहेंगे ८३ की जीत का जश्न

२५ जून २०३३. भारतीय क्रिकेट टीम को क्रिकेट का विश्व कप जीते पचास साल हो गया,इस अवसर पर फिफ्टी-५० वाली टीम को एक बार फिर से नयी दिल्ली में सम्मानित किया गया. बडी विडंबना हैं कि भारतीय टीम ने पिछले पचास साल में पचास ओवर के प्रारूप में एक ही बार विश्व कप जीता. साथ ही साथ पिछले साल धोनी की टीम का भी ट्वेंटी-२० के पच्चीस साल पूरे होने पर भी टीम के हर सदस्य को पच्चीस पच्चीस करोड रुपये दिये गये. बडे गर्व की बात हैं कि इन्हीं दो जीतों को अभी तक हम सेलेब्रेट करते नजर आ रहे हैं.आखिर कब तक ऐसा होता रहेगा?

मंगलवार, 10 जून 2008

सचिन ने संन्यास लिया!

दुनिया के जाने माने क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने क्रिकेट से संन्यास ले लिया. ये अपने आप में एक बडी खबर हैं.ये खबर ब्रेक की हमारे मीडिया में ही काम करने वाले एक मित्र ने. मुझे सुनकर अचंभा हुआ,मुझे तो इसकी खबर भी नहीं लगी.ऐसी खबर जिसके ऊपर समाचार चैनलों का एक दिन तो आसानी से बीत जायेगा. अखबारों में दो-तीन पेज तो आसानी से दिये जा सकते हैं. हुआ यूँ कि ये खबर उस मित्र ने सपने में देखा था.ये जानकर मेरे जान में जान आयी.
सचिन के संन्यास पर ना जाने कितने जानकारों ने अपनी टिप्पणी देने में कोई कोताही नहीं की वाकई पूछा जायें तो सचिन कब संन्यास लेंगे ये तो सचिन भी नहीं जानते हैं. अभी लीग के मुकाबले में चोटिल होने के कारण बाद के ही कुछ मैच खेल पायें. बांग्लादेश दौरे से भी नाम वापस ले लिया. ऐसी स्थिति में भी सचिन पर ऊँगली नहीं उठायी जायेगी. अब कुछ खास सीरीज में ही खेलते खेलते विश्व कप २०११ खेलने की ही मंशा सचिन की दिखायी देती हैं.
सबसे ज्यादा विश्व कप खेलने का रिकॉर्ड जो कि जावेद मियाँदाद के नाम हैं,उन्होंने भी यह रिकॉर्ड कैसे बनाया था-ये किसी से छिपा नही हैं. क्या सचिन भी उसी तरीके से यह रिकॉर्ड अपने नाम पर करना चाहते हैं.सचिन मैदान पर खेलते नजर आयें-ये सभी चाहते हैं,लेकिन उनका भी बल्ला टाँगने का समय आयेगा ही.उस समय यह देखना ज्यादा रोचक होगा कि सचिन ने जब क्रिकेट को अलविदा कहा तो उनके ना कितने रिकॉर्ड हैं,और कितने उनमें से कभी नहीं टूटने वाले हैं. शायद मित्र महोदय ने यह सपना नहीं देखा.चलिये अच्छा ही हैं.